उत्तराखंड

लक्सर में भीषण सड़क हादसा, जन्मदिन समारोह से लौट रहे एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

लक्सर। लक्सर-पुरकाजी रोड पर भैंसली वाला गांव के पास देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मिट्टी से भरे डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर निवासी परिवार के सात लोग लक्सर की श्रीराम कॉलोनी में रिश्तेदार के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी स्कॉर्पियो से वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। इसी दौरान भैंसली वाला गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही लक्सर और पुरकाजी पुलिस मौके पर पहुंची। मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय वर्मा के अनुसार, हादसे में 50 वर्षीय आदेश, उनकी बहनें 35 वर्षीय निशा और 37 वर्षीय राखी तथा आदेश की 12 वर्षीय बेटी की मौत हुई है।

वहीं, आदेश की पत्नी, उनकी बुजुर्ग मां और छह वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

तेज रफ्तार डंपरों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है उनका आरोप है कि लक्सर-पुरकाजी रोड पर मिट्टी से भरे डंपर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है। उन्होंने कथित अवैध मिट्टी खनन की जांच और डंपरों की रफ्तार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button