
देहरादून। जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के लिए फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया। ये फील्ड ट्रेनर्स जिले के पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस चरण में प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित 40 प्रश्न पूछकर आवश्यक जानकारियां जुटाई जाएंगी।

राष्ट्रीय महत्व की जिम्मेदारी है जनगणना: केके मिश्रा
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एडीएम वित्त एवं राजस्व और जिला जनगणना अधिकारी केके मिश्रा ने कहा कि जनगणना का दूसरा चरण केवल सरकारी ड्यूटी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय महत्व की जिम्मेदारी है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश और समाज की वास्तविक स्थिति को समझने के साथ भविष्य की योजनाएं बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों और प्रगणकों से पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि आंकड़ों का संकलन सटीक और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जा सके।

सही जानकारी दर्ज करने के दिए निर्देश
केके मिश्रा ने कहा कि जनगणना के दौरान निर्धारित प्रश्नों को सही तरीके से पूछना और उत्तरदाताओं की ओर से दी गई जानकारी को नियमानुसार दर्ज करना जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को आपसी समन्वय बनाए रखने के लिए समूह गठित करने और एक-दूसरे के संपर्क में रहने के निर्देश दिए। इससे कार्यों में अनावश्यक देरी से बचने और जनगणना प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करने में मदद मिलेगी।

धार्मिक और सामाजिक विविधता के प्रति संवेदनशीलता पर जोर
जिला जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना के दौरान धार्मिक और सामाजिक विविधता से जुड़े पहलुओं को लेकर संवेदनशीलता बरतना आवश्यक है। प्रगणक निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार ही प्रत्येक व्यक्ति से जानकारी प्राप्त करें। जानकारी दर्ज करते समय व्यक्तिगत धारणाओं के बजाय उत्तरदाता के जवाब और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए।प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों ने मानदेय से संबंधित सवाल भी उठाए, जिन पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय के जिला प्रभारी प्रदीप यादव और कुलदीप चौहान, जिले के मास्टर ट्रेनर गिरीश थपलियाल तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी इनायत सिद्दीकी मौजूद रहे।




