बागेश्वर में बाल विज्ञान महोत्सव का आगाज, सीएम धामी ने नवाचार के लिए दिए एक करोड़ रुपये

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर में बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और नवाचार को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। साथ ही नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
बाल विज्ञान महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। ऐसे आयोजन बच्चों को नए प्रयोग करने, रचनात्मक विचार विकसित करने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करना भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है.
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में विज्ञान और नवाचार केंद्र स्थापित करन और महिला विकास, विज्ञान विषय पर शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षक कविता हरकोटिया, दीप चंद्र जोशी, हरिमोहन ऐठानी, संगम साह और ख्याली दत्त को सीएम ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। महोत्सव में बागेश्वर विधायक पार्वती दास, कपकोट विधायक सुरेश गढि़या, दायित्वधारी शिव सिंह बिष्ट, भूपेश उपाध्याय, जिपं अध्यक्ष शोभा आर्या, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, डीएम अपूर्वा पांडेय, एसपी जितेंद्र मेहरा, सीडीओ नरेश कुमार और प्रधानाचार्य अव्वल सिंह तोपाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।




