एमडी जल विद्युत निगम ने भी किया देर रात पशुलोक व चीला वैराज का औचक निरीक्षण

उत्तराखंड में भारी बारिश और मौसम में लगातार बदलाव को देखते हुए यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने देर रात चीला विद्युत गृह एवं पशुलोक बैराज का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को जलस्तर, जल प्रवाह और सिल्ट की स्थिति पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखने तथा परियोजना एवं विद्युत गृहों की सुरक्षा के साथ निर्बाध विद्युत उत्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पशुलोक बैराज के निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने नदी के जलस्तर, जल प्रवाह एवं सिल्ट की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए बैराज की स्थिति की लगातार निगरानी की जाए और जलस्तर अथवा जल प्रवाह में किसी भी असामान्य परिवर्तन की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।

श्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के दौरान परियोजना संरचनाओं और कार्मिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए।
अपने चीला विद्युत गृह के निरीक्षण में श्री अजय कुमार सिंह ने परिचालन व्यवस्था एवं विद्युत उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपलब्ध जल की स्थिति और मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मशीनों का सुरक्षित एवं कुशल संचालन किया जाए तथा उपलब्ध जल संसाधन से अधिकतम संभव विद्युत उत्पादन सुनिश्चित किया जाए।

एमडी ने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद विद्युत उत्पादन व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखना आवश्यक है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें और किसी भी असामान्य स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
श्री सिंह ने यूपीसीएल एवं पिटकुल के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्युत उत्पादन, पारेषण एवं ग्रिड की स्थिति का नियमित अवलोकन किया जाए, ताकि आवश्यकता के अनुरूप विद्युत गृहों का संचालन करते हुए प्रदेश में विद्युत आपूर्ति की निरंतरता बनाए रखी जा सके।
इससे पूर्व प्रबंध निदेशक ने कालागढ़ स्थित रामगंगा जल विद्युत परियोजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जलाशय, बैराज, विद्युत गृह एवं अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा जलाशय के जलस्तर एवं जल प्रवाह की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए।

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि “प्रतिकूल मौसम की स्थिति में निगम की परियोजनाओं एवं विद्युत गृहों की सुरक्षा, कार्मिकों की सुरक्षा और विद्युत उत्पादन की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहते हुए परिस्थितियों के अनुरूप त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।”
देर रात तक चले निरीक्षण के दौरान एमडी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी 24 घंटे सतर्क रहते हुए मौसम, जलस्तर, जल प्रवाह, सिल्ट एवं परियोजना संरचनाओं की स्थिति पर लगातार नजर रखें, ताकि किसी भी संभावित चुनौती से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।




